शिमला। विद्युत उपमंडल धामी के तहत बिजली के बकाया बिल जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं पर अब बिजली बोर्ड कार्रवाई करने जा रहा है। बोर्ड ने उपभोक्ताओं को 25 नवंबर तक बिल जमा करवाने का अंतिम मौका दिया है। इसके बाद बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। विद्युत उपमंडल धामी के तहत सैकड़ों उपभोक्ताओं ने कई महीनों से बिजली बिल जमा नहीं करवाए हैं। बोर्ड के अनुसार इन उपभोक्ताओं को बिल जमा करवाने के लिए पर्याप्त समय दिया जा चुका है। इसके बावजूद कई लोग न तो विद्युत उपमंडल कार्यालय पहुंचकर बिल जमा करवा रहे हैं और न ही ऑनलाइन भुगतान की सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं। सहायक अभियंता उमंग गुप्ता ने बताया कि कई उपभोक्ताओं ने अक्तूबर तक का बिजली बिल और 90 दिन से अधिक समय से लंबित बकाया राशि जमा नहीं करवाई है। ऐसे उपभोक्ताओं को 25 नवंबर तक भुगतान करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद नियमों के तहत बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इसके लिए बोर्ड की ओर से अलग से कोई नोटिस जारी नहीं किया जाएगा। बिजली बोर्ड के अनुसार, इन उपभोक्ताओं से लाखों रुपये का बकाया वसूलना है। संवाद