शिमला। राजधानी के मॉडल कंडा जेल में बुधवार को मेगा डेंटल कैंप आयोजित किया गया। शिविर में 100 से अधिक कैदियों और जेल स्टाफ की दांत की जांच की गई और दांतों को स्वस्थ रखने के उपाय बताए गए। इसका आयोजन रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस ने आईजीएमसी डेंटल अस्पताल की टीम के सहयोग से किया। शिविर में मौके पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह सुसज्जित डेंटल वैन भी मौजूद रही। आईजीएमसी डेंटल अस्पताल के प्राचार्य डॉ. योगेश भारद्वाज ने शिविर का दौरा किया। डॉ. विनय भारद्वाज के नेतृत्व में तीन डॉक्टर, चार स्नातकोत्तर छात्र और छह इंटर्न की टीम ने सेवाएं दीं। जेल अधीक्षक विकास भटनागर ने भी दांतों की जांच करवाई। इस दौरान जेल में बंद महिला कैदियों के लिए सेनेटरी नैपकिन की मासिक आपूर्ति भी सौंपी गई। वहीं रक्षाबंधन पर क्लब के सदस्यों ने जेल स्टाफ को राखियां बांधीं। यह राखियां क्लब सदस्य गीता खरबंदा ने स्वयं तैयार की थीं। रोटरी क्लब शिमला हिल क्वींस की अध्यक्ष हरप्रीत कौर सेंबी ने शिविर के आयोजन में सहयोग के लिए जेल प्रशासन तथा आईजीएमसी डेंटल अस्पताल की टीम का आभार जताया। संवाद