शहर से कुछ ही किलोमीटर दूर बाहंग में दो महिला पर्यटक ब्यास नदी में बह गई। ब्यास के किनारे फोटो खिंचवाते हुए सोमवार को पांव फिसलने से दोपहर को यह हादसा पेश आया। दोनों एक ही परिवार की बताई जा रही हैं। एक ननद थी तो दूसरी उसकी भाभी। ननद का शव वोल्वो बस स्टैंड के समीप बरामद हुआ, दूसरी अभी लापता है। पुलिस और अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बीच नदी में फंसे शव को बाहर निकाला। हालांकि पानी ज्यादा होने के कारण राफ्ट को मंगवाना पड़ा। दूसरी महिला की तलाश अभी की जा रही है। जानकारी के अनुसार बाहंग में वशिष्ठ के समीप सोमवार को ब्यास नदी में दो महिलाएं फोटो खिंचवा रहीं थी। इस दौरान अचानक दोनों नदी में गिर गईं। पाल सिंह पुत्र तिलक राम निवासी गांव वुढेडा जिला बागपत ( उत्तर प्रदेश ) अपने परिवार के सदस्यों विजेंद्र, अभिषेक, ज्योति, काजल, आंचल, विवेक, मीनू और दो साल का बच्चा सहित मनाली घूमने आए थे। शाम करीब 3:00 बजे वशिष्ठ चौक से नीचे नदी के पास फोटो खींच रहे थे। इतने में अचानक 17 वर्षीय आंचल पुत्री श्रीपाल और 24 वर्षीय मीनू पत्नी अभिषेक फिसल कर ब्यास नदी में गिर गई। हादसे के लगभग एक घंटे बाद वोल्वो बस स्टैंड के समीप एक शव बीच नदी में पत्थर के बीच फंसा हुआ पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निकालने के प्रयास शुरू किए। अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान, पुलिस और अग्निशमन विभाग टीम ने शव को नदी से बाहर निकाला, जिसकी पहचान आंचल के रूप में हुई है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है, दूसरी की तलाश जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।