शिमला। न्यू शिमला के सेक्टर-2 में काली माता मंदिर में चोरी के साथ ही महज कुछ ही दूरी पर एक घर में भी चोरी की घटना सामने आई है। मेकेनिक चांद नाम के शख्स के कमरे से चोर 28,000 रुपये की नकदी चुराकर ले गए हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस वारदात को भी ठीक उसी तरीके से अंजाम दिया गया है, जैसे मंदिर में चोरी की गई है। चांद बीसीएस में मेकेनिक का काम करते हैं और उन्होंने मंगतराम भवन, मिडल मार्केट में कमरा किराये पर लिया है। 21 मार्च की रात को करीब 9:30 बजे उनके पास काम करने वाले तैमूर और मिंटू कमरे में गए तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। कमरे में रखे 28,000 रुपये की रकम गायब थी। इसमें तैमूर के 18,000 रुपये और मिंटू के 10,000 रुपये की रकम शामिल है। मंदिर की तरह यहां पर एक लोहे की रॉड मिली है जिससे ताला तोड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के अलावा लोगों से पूछताछ कर रही है।