चार जुलाई 2018 तक प्रदेश में क्लास 3-4 कर्मचारियों को प्री मेच्योर रिटायरमेंट लेने पर पेंशन के सभी लाभ दिए जाएंगे। इससे पूर्व सरकार ने प्री मेच्योर रिटायरमेंट पर पेंशन के सभी लाभ देने पर रोक लगा दी थी।
शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह के प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश से कई पेशेवर अधिकारी और उच्च पदों पर कार्यरत अधिकारी पेंशन तक की समय सीमा तक नौकरी करके प्री मेच्योर रिटायरमेंट लेकर प्राइवेट नौकरी कर रहे थे।
इससे उन अधिकारियों के प्रशिक्षण पर हुए खर्च का लाभ सरकार को नहीं मिल रहा था, न ही अनुभवी अधिकारी सरकार के पास रह रहे थे। ऐसे में सरकार ने 10 नवंबर 2014 से चार जुलाई 2018 तक प्री मेच्योर रिटायरमेंट लेने पर पेंशन के सभी लाभ देने पर रोक लगा दी थी।
लेकिन क्लास-3 और 4 कर्मचारियों की स्थिति में कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर खर्च नहीं करना पड़ता, इसलिए उनके हकों को ध्यान में रखकर यह फैसला लिया गया है।