शिमला। शहर में लगातार जंगलों के झुलसने का सिलसिला जारी है। अग्निशामक विभाग को सोमवार को शहर के शोघी, टुटीकंडी, बैछणी, 16 मील, भराड़ी, कोटी, छैना, किल्टी, कोटी और हिपा के पास शिलड़ू गांव में आग लगने की सूचना मिली है। आग के कारण शहर के आसपास के जंगलों में 11 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हुआ है। शिलडू, भराड़ी और शोघी में आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। अग्निशामक विभाग के कर्मचारियों को 24 घंटे डयूटी देनी पड़ रही है। बालूगंज अग्निशमन विभाग के प्रशामक चमन लाल ने बताया कि सभी इलाकों में गाड़ियां नहीं भेज पा रहे हैैं। वहीं वन विभाग के मुख्य अरण्यपाल के. तिरूमल ने बताया कि लोग खुद आग लगा रहे हैं। इसका शहर के पर्यावरण पर बुरा असर पड़ रहा है। लोगों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। जंगलों की आग से निपटने के कर्मचारी तैनात किए हैं।