शिमला। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की प्राथमिक शिक्षा बचाओ न्याय यात्रा शुक्रवार को 14वें दिन शिमला पहुंच गई। यात्रा घणाहट्टी से शिमला शहर के लिए रवाना हुई। घणाहट्टी पहुंचने पर शिक्षकों का फूल-मालाओं और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया गया। संघ के अध्यक्ष रमेश अनुसार ने बताया कि नई परिसर प्रणाली और शिक्षकों की अन्य 25 मांगों को लेकर यह यात्रा 11 जुलाई को बगलामुखी से शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग का एरियर, महंगाई भत्ते की किस्तें और दो वर्ष की नियमित सेवा के बाद मिलने वाला हायर ग्रेड-पे अब तक नहीं मिला है। इन्हीं मांगों को लेकर यह न्याय यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि 26 जुलाई को शिमला के चौड़ा मैदान में यात्रा का समापन होगा। इस अवसर पर एक विशाल रैली होगी। संवाद