लोगों को बाजार करना पड़ रही खरीद
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शहर के राशन डिपुओं में चीनी नहीं मिल रही है। चीनी न मिलने के कारण शहर के एपीएल परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अब लोगों को बाजारों से महंगी दरों पर चीनी की खरीदारी को मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि विभाग जल्द डिपुओं में चीनी का कोटा उपलब्ध करवाएं। शहर के विभिन्न डिपुओं में रोजाना हजारों लोग राशन खरीदने के लिए आते हैं। मंगलवार सुबह जब डिपो में राशन लेने के लिए लोग आए तो उन्हें चीनी नहीं मिली। डिपो संचालकों ने कहा कि चीनी को छोड़कर पूरा राशन उपलब्ध है। लोगों ने पूछा कि कब तक चीनी आएगी तो इस पर संचालक किसी तरह का जवाब ही नहीं दे पाए। पिछले दो-तीन दिन से ही गोदामों में चीनी खत्म हो गई है। लक्कड़ बाजार के अमित, कृष्णानगर के बिट्टू और संजौली की अंजलि ने बताया कि एपीएल परिवारों को चीनी 33 और टैक्स वालों को 46 रुपये प्रतिकिलो की दर में मिलती है। अब उन्हें बाजारों से 52 से लेकर 55 रुपये प्रतिकिलो की दर से चीनी की खरीदारी करना पड़ रही है। बीपीएल, अंतोदेय और पीएच परिवारों को 13 रुपये प्रतिकिलो की दर से चीनी दी जाती है। शहर में करीब 40 के करीब राशन डिपो हैं। इन डिपुओं में से पूरे माह करीब 26 हजार राशनकार्ड धारक सब्सिडी पर आटा, चावल, चीनी, नमक, दालें और तेल की खरीदारी करते हैं। इन दिनों चीनी न मिलने के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।