शहर के दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल में उपचार करवाने आए मरीज शुक्रवार को दिनभर परेशान रहे। अस्पताल की लैब मेें टेस्ट करने वाली मशीन खराब हो गई। इस कारण मरीजों के किडनी, लीवर, शुगर और कैल्शियम के रूटीन टेस्ट नहीं हो पाए। मरीजों को यह टेस्ट निजी लैब में महंगी दरों पर करवाने पड़े। अस्पताल में यह टेस्ट मुफ्त में होते हैं। क्षेत्रीय अस्पताल डीडीयू में रोजाना मेडिसिन, गायनी, आंखों, ईएनटी, बाल रोग और हड्डी रोग के उपचार के लिए हजारों मरीज आते हैं।
इनमें से अधिकांश मरीजों को चेकअप के बाद टेस्ट करवाने की सलाह दी जाती है। इनमें लीवर, किडनी, शुगर और कैल्शियम के रूटीन टेस्ट हर दूसरे मरीज को लिखे जाते हैं। अस्पताल में टेस्ट मशीन खराब होने से शुक्रवार को इनमें से कोई टेस्ट नहीं हो पाए। इसके बाद मरीजों को निजी लैब का रुख करना पड़ा। यहां पर यह सभी टेस्ट मरीजों को 1000 से लेकर 1200 रुपये में करवाने पड़े। मरीजों के तीमारदार निधि, लवली और नरेश ने बताया कि उपचार के बाद से वह लोग भटके रहे।
अस्पताल प्रबंधन को चाहिए कि वह अतिरिक्त मशीनें रखें ताकि कोई खराब हो तो दूसरे से टेस्ट करवाया जा सके। टेस्ट मशीन कब तक ठीक होगी इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है। बताया जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों तक मरीजों को यह परेशानी झेलनी पड़ सकती है। गौरतलब है कि क्षेत्रीय अस्पताल डीडीयू में शिमला के अलावा, सोलन और सिरमौर तक मरीज चेकअप करवाने आते हैं। हर रोज सैकड़ों की तादाद में मरीज विभिन्न ओपीडी में उपचार करवाते हैं। ऐसे में मशीन खराब होने से मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से आग्रह किया है कि टेस्ट मशीन को जल्द ठीक करवाया जाए।