जुन्गा (शिमला)। राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल जुन्गा में समेकित मिशन लाइफ परियोजना के तहत प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकॉस्टे) द्वारा प्रायोजित पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम 2026-27 के तहत एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें पर्यावरण संरक्षण का प्रशिक्षण दिया। इको क्लब प्रभारी वारिज कौशल की देखरेख में आयोजित इस कार्यशाला में विद्यालय के शिक्षकों के अलावा पैंदली, शाटली, भड़ेच और ओल्ड जुन्गा परिसर के विद्यालयों के शिक्षकों ने भी भाग लिया। कार्यशाला में वन अनुसंधान संस्थान, पंथाघाटी, शिमला की वैज्ञानिक डॉ. स्वर्ण लता ने स्रोत व्यक्ति के रूप में शिक्षकों को सीड बॉल तैयार करने, पक्षियों के लिए घोंसले स्थापित करने तथा सुपर फूड के रूप में मोटे अनाज (मिलेट्स) को बढ़ावा देने के संबंध में जानकारी दी। हिमकॉस्टे के वरिष्ठ वैज्ञानिक सहायक ऋषभ राणा ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्मी कंपोस्टिंग और प्राकृतिक संसाधनों से उपयोगी एवं रचनात्मक वस्तुएं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया। इस मौके पर वरिष्ठ प्रवक्ता वाणिज्य गोपीचंद शर्मा भी मौजूद रहे। संवाद