शिमला। जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों के करीब 80 शिक्षकों ने साइबर ठगी, फर्जी लिंक और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के गुर सीखे। राजधानी के लालपानी स्कूल में इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की आईएसईए परियोजना के तहत शिक्षकों के लिए साइबर सुरक्षा पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। आयोजकों के अनुसार इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक और दक्ष बनाना था। कार्यशाला में सी-डैक मोहाली के परियोजना प्रबंधक हरप्रीत बावा, परियोजना इंजीनियर सुमेरा फारूक और शिल्पा चंदेल ने अलग-अलग सत्रों में शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम के समापन पर निदेशालय स्कूल शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक जीवन सिंह नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर लालपानी स्कूल के प्रधानाचार्य योगराज, कार्यक्रम समन्वयक नंद किशोर मौजूद रहे। संवाद