शिमला। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) शामलाघाट में पुस्तकालय प्रबंधन एवं पठन गतिविधियों पर दो दिवसीय जिलास्तरीय मास्टर ट्रेनर्स कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में पुस्तकालय प्रबंधन को मजबूत करना और बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करना है। समग्र शिक्षा और रूम टू रीड संस्था की ओर से संयुक्त रूप से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। आयोजकों के अनुसार कार्यशाला में जिले के सभी 21 शिक्षा खंडों से 63 मास्टर ट्रेनर्स ने भाग लिया। प्रशिक्षण का शुभारंभ जिला समन्वयक डॉ. संजीव कुमार शर्मा और प्रवक्ता चंद्रकांता ने किया। कार्यशाला के पहले दिन पढ़ना क्या है, बच्चे कैसे पढ़ते हैं, बाल-मित्र पुस्तकालय की अवधारणा और पुस्तक स्तरीकरण जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि इस पहल का लक्ष्य जिले के सभी सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में पुस्तकालयों को सक्रिय बनाना है। संवाद