शिमला। पंचायत चुनाव के चलते लगी आचार संहिता के कारण लोक निर्माण विभाग के कसुम्पटी डिविजन में होने वाली तीन सड़कों की टारिंग का कार्य जून तक अटक गया है। हालांकि इन कार्यों के लिए दो बार टेंडर कर आवेदन आमंत्रित किए थे लेकिन एक भी आवेदन नहीं आया। अब तीसरी बार विभाग टेंडर आमंत्रित करेगा। चुनाव से पहले अगर टेंडर करवाने हैं तो चुनाव आयोग से विशेष अनुमति लेनी होगी। अनुमति मिलने पर ही विभाग जून से पहले टेंडर कॉल कर पाएगा। बिटुमेन के बढ़े दाम के कारण कसुम्पटी क्षेत्र के इस टारिंग के कार्य करने के लिए किसी भी ठेकेदार ने आवेदन नहीं किया। अब आचार संहिता लागू हो चुकी है ऐसे में काम शुरू होने की संभावना नहीं है। ऐसे में मैहली-जुन्गा सड़क की नौ किलोमीटर, मशोबरा-भेखल्टी की छह, मशोबरा- तत्तपानी सड़क की छह किलोमीटर सड़क की टारिंग का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। कसुम्पटी डिवीजन के अधिशासी अभियंता नवीन कौंडल ने कहा कि अब पंचायत चुनाव के लिए आचार संहिता लग गई है। अब 31 मई को आचार संहिता हट जाने के बाद ही तीसरी बार टेंडर कॉल किए जा सकेंगे। ब्यूरो