उपमंडल अधिकारी श्री नयना देवी जी धर्मपाल ने बताया कि माता श्री नयनादेवी जी मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट Srinainadevi.com संचालित है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वह केवल इसी आधिकारिक वेबसाइट पर दान दें। इसी साइट से अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के दान अथवा चढ़ावे के लिए कोई और वेबसाइट नहीं है। यदि कोई अन्य वेबसाइट के माध्यम से दान या कोई कार्य करता हुआ पाया गया तो उसके प्रति कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति विशेष को किसी और वेबसाइट के माध्यम से दान आदि प्राप्त करते हुए किसी को भी सूचना मिले तो इस संबंध में मंदिर अथॉरिटी को सूचित करें, ताकि उसके प्रति आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा सके। आने वाले समय में जल्द ही इस पर अन्य सूचनाएं भी उपलब्ध होंगी। इसके तहत यहां निर्मित सराय के आरक्षण, प्रसाद ऑनलाइन प्राप्त करने संबंधित जानकारी भी शामिल की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरती दर्शन के सीधे प्रसारण का भी आने वाले समय में इस वेबसाइट के माध्यम से प्रबंध किया जाएगा।