शिमला। मधुमक्खियों से केवल शहद ही नहीं मिलता बल्कि इनके पालन से स्वरोजगार के नए अवसर भी खुल सकते हैं। इस संभावना से विद्यार्थियों को परिचित करवाने के उद्देश्य से मंगलवार को राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय (आरजीजीसी) चौड़ा मैदान में विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राणीशास्त्र विभाग ने उद्यान निदेशालय शिमला के सहयोग से एक सतत लघु-स्तरीय व्यवसाय के रूप में मधुमक्खी पालन विषय पर यह कार्यक्रम आयोजित किया। उद्यान निदेशालय के विशेषज्ञ डॉ. दलीप सिंह नरगेटा ने विद्यार्थियों को मधुमक्खियों की विभिन्न प्रजातियों, उनके सामाजिक संगठन और जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। प्राचार्य डॉ. अंजोरी शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार के नए अवसर तलाशने और उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के 67 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर डॉ. शालिनी चौहान, डॉ. आकांक्षा शर्मा, डॉ. राजेश चौहान और डॉ. अनुप्रिया शर्मा सहित अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे। संवाद