जुन्गा (शिमला)। राजकीय महाविद्यालय चायल-कोटी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सौजन्य से एक पेड़ मां के नाम 2.0 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम केंद्र सरकार की एक सराहनीय पर्यावरणीय पहल है, जिसका उद्देश्य मातृत्व को सम्मानित करते हुए पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर महाविद्यालय की एनएसएस इकाई ने वन विभाग के सहयोग से 100 पौधे रौपे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. दीपशिखा भारद्वाज ने किया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में दोपहर बाद कॉलेज के इको क्लब के सहयोग से महाविद्यालय परिसर में फूलों के पौधे रोपे गए। महाविद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुशील कुमार मेहता ने सभी स्वयंसेवकों, स्टाफ सदस्यों, वन विभाग और इको क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देती हैं। संवाद