शिमला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला की ओर से सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बालूगंज में हिंदी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी भाषाई दक्षता को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए हिंदी दिवस का महत्व विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी भाषा के महत्व और उपयोगिता पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी उमेश वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें उन्हें हिंदी दिवस के महत्व के साथ-साथ बाल अधिकार, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, निशुल्क कानूनी सहायता और कानूनी सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी गई। ब्यूरो