शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला के कई विभागों में मंगलवार को नशा-मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने नशा न करने शपथ ली। हिंदी विभाग में विभागाध्यक्ष डॉ. भवानी सिंह ने प्रतिभागियों को शपथ दिलाई। विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में रैगिंग के खिलाफ भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। उन्होंने रैगिंग न करने का संकल्प लिया। डॉ. नरेश कुमार और डॉ. शोभा रानी ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने युवा ऊर्जा को शिक्षा, शोध और राष्ट्र निर्माण में लगाने पर जोर दिया। गणित एवं सांख्यिकी विभाग में भी यह कार्यक्रम हुआ। संवाद