शिमला। राजधानी में नवबहार से लेकर मोटोवर्ल्ड तक मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें खराब होने से राहगीरों की परेशानियां बढ़ गई हैं। कई दिनों से इस पूरे मार्ग पर शाम ढलते ही अंधेरा पसर जाता है। इससे सड़क पर हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय निवासी सुंदर सिंह ने बताया कि अंधेरा होने के बाद इस मार्ग पर सन्नाटा पसर जाता है। तीखे मोड़ों वाले इस रास्ते पर पैदल चलने वाले लोग, खासकर बुजुर्ग और महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। कई स्थानों पर आवारा कुत्तों और अंधेरे के कारण लोग पैदल आवाजाही करने से भी कतराने लगे हैं। अक्षय कुमार ने कहा कि वाहनों की तेज रोशनी के कारण सड़क का किनारा पहचानना मुश्किल हो जाता है। इससे दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को कई बार इस समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस व्यस्त मार्ग पर खराब पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक करवाया जाए। संवाद