शिमला। राजधानी के गेयटी थियेटर में भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से बच्चों के लिए एक समय की बात है कहानी वाचन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम वीरवार (24 सितंबर) को सुबह 11:00 बजे होगा। इसमें वरिष्ठ साहित्यकार अनुराग पराशर कहानियां सुनाएंगे और इसमें छोटा शिमला स्कूल के 40 विद्यार्थी भाग लेंगे। कार्यक्रम में अनुराग पराशर बच्चों को अपनी दो कहानियां सुनाएंगे। विभाग के अनुसार कहानी वाचन बच्चों में कल्पना शक्ति, रचनात्मक सोच, भाषा एवं शब्द-भंडार, सुनने-समझने की क्षमता और प्रभावी अभिव्यक्ति को विकसित करेगा। जिला भाषा अधिकारी सरोजना नरवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम को आगे हर माह के अंतिम सप्ताह में बैग-फ्री डे पर विभिन्न विद्यालयों की सहभागिता से नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। संवाद