शिमला। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश के 10 विधायकों को ज्ञापन सौंपकर मानसिक स्वास्थ्य ध्यान और 24 घंटे हेल्पलाइन सुविधा शुरू करने की मांग की। कहा कि इन सेवाओं के चलते युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकाला जा सकता है। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के राज्य सचिव सत्यवान पुंडीर ने कहा कि इसे खत्म करने के लिए सभी को मिशन मोड पर नशा मुक्ति अभियान चलाना होगा। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने विधानसभा में पक्ष और प्रतिपक्ष से नशे पर चर्चा करने तथा इसे रोकने के लिए ठोस नीति बनाने की मांग उठाई। कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में इसके लिए एक मिशन गठित किया जाए। समिति ने सरकारी क्षेत्र में पुनर्वास केंद्रों की स्थापना करने और जेलों में नशामुक्ति कार्यक्रम शुरू करने, स्कूल और कॉलेजों में जागरुकता अभियान चलाने की मांग की। वहीं एकीकृत मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं और 24x7 हेल्पलाइन स्थापित की जाएं। जबकि सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए और पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ से सटे क्षेत्रों में लक्षित हस्तक्षेप किए जाएं।