शिमला। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के दूरसंचार प्रशिक्षण केंद्र कुसुम्पटी शिमला ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां तारादेवी मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान एसएसबी के जवानों ने मंदिर परिसर, बस एवं टैक्सी स्टैंड तथा हाल ही में संपन्न हुए दशहरा मेले के मैदान में फैले कूड़े को उठाकर एकत्र किया। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंचे माता के भक्तों को साफ-सफाई, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का कार्य भी किया। प्रशिक्षण केंद्र के कमान अधिकारी एवं उप कमांडेंट (संचार) नरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में 23 जवानों ने हिस्सा लिया। दल का नेतृत्व उप निरीक्षक (सामान्य) हीरा सिंह ने किया। इस दौरान जवानों ने मंदिर के बस और टैक्सी स्टैंड सहित आसपास के क्षेत्रों से प्लास्टिक की बोतलें और अन्य प्लास्टिक कचरा एकत्रित कर उसे उचित स्थान पर निस्तारित किया। ब्यूरो