कोटला कॉलेज में 29 को होगी स्पॉट राउंड एडमिशन
. कोटला कॉलेज में सीधी भर्ती से भर जाएंगे दाखिले
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। महात्मा गांधी राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय कोटला में बीटेक में खाली सीटों को जल्द भरा जाएगा। सीटों को भरने के लिए 29 अगस्त को स्पॉट राउंड एडमिशन आयोजित किया जाएगा। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया सुबह 10:00 बजे से शुरू होगी। स्पॉट राउंड बीटेक लेटरल एंट्री और डायरेक्ट एंट्री दोनों के लिए आयोजित किया जा रहा है। लेटरल एंट्री में 82 सीटें, बीटेक में सिविल इंजीनियरिंग की 20 सीटें खाली हैं, जिसमें 19 अनारक्षित और एक ईडब्लूएस सीट है। मेकेनिकल इंजीनियरिंग में 62 सीटें रिक्त हैं, जिनमें 60 अनारक्षित और दो ईडब्लूएस सीटें हैं। डायरेक्ट एंट्री में 50 सीटें रिक्त हैं, बीटेक डायरेक्ट एंट्री के तहत सिविल इंजीनियरिंग में 18 सीटें और मेकेनिकल इंजीनियरिंग में 32 सीटें खाली हैं। सिविल में 14 अनारक्षित और चार ईडब्लूएस, मेकेनिकल में 28 अनारक्षित और चार ईडब्लूएस सीटें रिक्त हैं। कॉलेज प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर महाविद्यालय में उपस्थित होकर पंजीकरण करवाने को कहा है। प्रवेश उपलब्ध रिक्त सीटों और संबंधित नियमों के अनुसार मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। प्रवेश के समय सीटों की संख्या में परिवर्तन हो सकता है। फीस ऑनलाइन ही जमा होगी सूचना के अनुसार निर्धारित शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किया जाएगा। संस्थान शुल्क, विश्वविद्यालय शुल्क और प्रॉस्पेक्टस शुल्क मिलाकर छात्रों के लिए 37,370 रुपये और छात्राओं के लिए 22,370 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रधानाचार्य अमित शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण पत्रों, दस्तावेजों की छायाप्रतियों और हालिया पासपोर्ट आकार के फोटो सहित निर्धारित तिथि पर उपस्थित होना होगा। प्रवेश के बाद चयनित अभ्यर्थी को निर्धारित शुल्क तत्काल जमा करना होगा, अन्यथा सीट अगले पात्र अभ्यर्थी को आवंटित की जा सकती है।