डंसा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता के शुभारंभ पर मौजूद मुख्यातिथि और खिलाड़ी। संवाद
. डंसा में खेल महाकुंभ का शुभारंभ, कबड्डी में सेवन स्टार रामपुर की टीम जीती
रस्साकशी के पहले मुकाबले में महिला मंडल सनेई ने हिम अटल सेवा समिति को हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)।
डंसा में खेल महाकुंभ का सोमवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबॉल के मुकाबले में शैडोल डंसा की टीम ने नोगली स्कूल को 3-2 सेट से पराजित किया। रस्साकशी के पहले मुकाबले में महिला मंडल सनेई ने हिम अटल सेवा समिति के सदस्यों को कड़े मुकाबले में हराया। वहीं, कबड्डी में सेवन स्टार रामपुर की टीम ने निरमंड को रोमांचक मुकाबले में 43-23 अंकों से शिकस्त दी। हिम अटल सेवा समिति के तत्वावधान में शुरू हुई प्रतियोगिता का जिला परिषद झाकड़ी वार्ड की सदस्य ममता आजाद ने शुभारंभ किया। राष्ट्रीय वॉलीबॉल कोच प्रतीक शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्य अतिथि ममता आजाद का हिम अटल सेवा समिति और महिला मंडलों ने स्वागत किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि प्रतीक शर्मा, सेवानिवृत्त पशु सहायक महेंद्र शर्मा और सेवानिवृत्त प्राथमिक मुख्य शिक्षक रूप दास भारती को भी समिति ने स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रतीक शर्मा कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र से संबंध रखते हैं और साई अकादमी में वॉलीबॉल कोच के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य ईशा चौहान ने भी विशेष रूप से शिरकत की। ममता आजाद ने आयोजन की सराहना करते हुए समिति को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है और युवा नशे से दूर रहकर खेलों में अपना भविष्य बना सकते हैं। उन्होंने हिम अटल सेवा समिति को फर्नीचर खरीदने के लिए जिला परिषद निधि से 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। साथ ही आगामी जिला परिषद बजट में महिला मंडलों, युवक मंडलों और पंचायत क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइनों की मरम्मत के लिए प्राथमिकता के आधार पर धनराशि स्वीकृत करवाने के प्रयास का आश्वासन दिया। हिम अटल सेवा समिति के अध्यक्ष देश कुमार हुडन ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का आभार जताया। इस मौके पर पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी सीमा मांटा, प्रमिला सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।