उत्तर से उत्तर-पूर्व दिशा की ओर जाता नजर आया, नासा ने जारी किया है शिमला में देखे जाने का शेड्यूल
शिमला। अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन शिमला से अंतरिक्ष में सोमवार को दो मिनट के लिए नजर आया। यह उत्तर से उत्तर-पूर्व दिशा की ओर जाता हुआ दिखा। नासा ने इसे शिमला से देखे जाने का शेड्यूल जारी किया है। इसे मंगलवार और बुधवार को भी एक-एक मिनट के लिए और देखा जा सकेगा। नासा की ओर से ऑनलाइन साझा की जानकारी के अनुसार इस स्टेशन में अमेरिका, रूस आदि के छह वैज्ञानिक मूली उगाने, कैंसर और हृदय रोगों के उपचार करने जैसे विषयों पर शोध कर रहे हैं। यह 400 किलोमीटर ऊपर एक चमकते तारे की तरह चलता हुआ नजर आता है। इस स्पेस स्टेशन को सोमवार तड़के पांच बजकर 24 मिनट पर उत्तर से उत्तर-पूर्व दिशा की ओर चलता हुआ करीब दो मिनट के लिए देखा गया। इसे मंगलवार को भी सुबह चार बजकर 39 मिनट पर उत्तर-पूर्व दिशा में करीब एक मिनट तक देखा जा सकेगा। बुधवार को यह उत्तर दिशा में सुबह पांच बजकर 26 मिनट पर लगभग एक मिनट के लिए देखा जाएगा। सोमवार सुबह विज्ञान के विद्यार्थियों और अन्य लोगों ने इसे कौतूहल के साथ देखा।