शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक रिज मैदान के पद्मदेव कांप्लेक्स में 9 अप्रैल को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के मूल स्वरूप के दर्शनों के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 4:00 से रात 8:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्य दर्शन के साथ स्पर्श पूजा, आध्यात्मिक सत्संग और अंत में प्रसाद वितरण किया जाएगा। राज्य मीडिया प्रभारी तृप्ता शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में यह आध्यात्मिक यात्रा बंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम से प्रारंभ होकर एक अप्रैल से 10 अप्रैल तक विभिन्न जिलों में संचालित हो रही है। यह यात्रा चंबा से आरंभ होकर प्रदेश के विभिन्न स्थानों से होती हुई 9 अप्रैल को शिमला पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव एवं सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रसारित करना है। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधक एवं स्वयंसेवक भाग लेकर भक्ति और सेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, ध्यान सत्र एवं सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। संवाद