हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पुलिस थाना मानपुरा के तहत किशनपुरा में जेल परिसर के अंदर प्रतिबंधित सामान फेंकने की कोशिश करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जेल वार्डन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। वार्डन ने बताया कि बाहरी सुरक्षा दीवार के पास दो संदिग्ध व्यक्ति घूमते हुए नजर आए। जो कैदियों के प्रतिबंधित नशे का सामान फेंकने के फिराक में थे। शक के आधार पर जब जेल स्टाफ ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध हथियार (पिस्टल) सहित जर्दा व बीड़ी के पैकेट बरामद किए गए। उधर, एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नालागढ़ के सैरी निवासी नंद लाल उर्फ नंदू पुत्र मान सिंह के रूप में हुई है। उसके फरार साथी की पहचान निर्मल उर्फ काकू निवासी गांव प्लासी के रूप में हुई, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।