वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार ने कांगड़ा एयरपोर्ट को बड़ा एयरपोर्ट बनाने के लिए काम करना शुरू कर दिया है। नई सरकार ने डीसी कांगड़ा को 3010 मीटर लंबा रनवे बनाने के हिसाब से भूमि अधिग्रहण का सर्वे करने का आदेश दिया है। डीसी ने सोमवार को अधिकारियों की बैठक बुलाकर प्लान को अमलीजामा पहनाने के लिए कह दिया है। प्रदेश सरकार के नए आदेश के तहत अब कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तारीकरण एक नहीं दो फेज में इकट्ठा होगा।
दूसरे फेज के विस्तारीकरण के तहत कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के गगल से जमानाबाद रोड तक भूमि अधिग्रहण होगा। इससे पहले डीसी कांगड़ा ने कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के लिए पहले फेज का प्लान 22 दिसंबर को शिमला स्थित पर्यटन विभाग के सचिव को भेज दिया था। इस प्लान में डीसी कांगड़ा की टीम ने सनौरा गांव से लेकर गगल बाजार तक जमीन और मकानों का सर्वे कर रिपोर्ट बनाई थी। इस रिपोर्ट के तहत 339 भवन विस्तारीकरण की जद में आ रहे हैं। करीब एक हजार करोड़ रुपये पहले फेज के तहत विस्तारीकरण पर खर्चा आएगा।