शिमला। राजधानी में भाई दूज का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दिन भाइयों को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक रहा। इस दौरान बहनों ने अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। भाई दूज के अवसर पर बुधवार को शहर के बाजारों में भी खूब रौनक देखने को मिली। बहनों ने बाजारों में जाकर भाइयों के लिए उपहार खरीदे। सबसे अधिक भीड़ कपड़ों और गिफ्ट की दुकानों पर रही। इसके अलावा मिठाई की दुकानों पर भी खरीदारी के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। भाई दूज के लिए लोअर बाजार में खरीदारी करने पहुंचीं महिलाओं नेहा, रूही और अंजना ने कहा कि भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक है। त्योहार के अवसर पर कहीं बहनें अपने भाइयों के घर पहुंचीं तो कहीं भाई अपनी बहनों के घर गए। इस दौरान बहनों ने भाइयों को मिठाई खिलाई और उपहार भेंट किए। संवाद