शिमला। सनातन धर्म सभा की ओर से गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के सातवें दिन शाम चार बजे भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया गया। कथावाचक दुर्गा दत्त शर्मा ने गोपियों के श्रीकृष्ण के प्रति निर्मल प्रेम और कात्यायनी व्रत सहित विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, त्याग और पूर्ण समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ब्रज की गोपियों का श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम सांसारिक प्रेम नहीं, बल्कि अनन्य भक्ति का प्रतीक है। ब्रज की कुमारिकाएं श्रीकृष्ण को अपने आराध्य के रूप में पाने के लिए मां कात्यायनी की पूजा करती थीं। सभा के प्रचार मंत्री सुमन पाल दत्ता ने बताया कि कथा के बाद विशेष आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। संवाद