शिमला। गंज बाजार स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में रासलीला के चौथे दिन कलाकारों ने मुद्रिका चोरी लीला का मनमोहक मंचन किया। रासलीला में दिखाया गया कि एक दिन राधा रानी अपनी सखियों के साथ कुंज में विराजमान थीं। इस दौरान श्रीकृष्ण वहां पहुंचे और उनकी नजर राधा जी की सुंदर मुद्रिका पर पड़ी। लीला करते हुए श्रीकृष्ण ने चुपके से मुद्रिका अपने पास रख ली। राधा जी ने श्रीकृष्ण से पूछा तो श्रीकृष्ण भोले बनते हुए बोले, मैंने तो कुछ भी नहीं लिया। श्रीकृष्ण की चंचल मुस्कान ने उनकी शरारत का राज खोल दिया। अंत में सखियों ने मुद्रिका श्रीकृष्ण के पास ही खोज निकाली। लीला के माध्यम से संदेश दिया गया कि श्रीकृष्ण को संसार की किसी वस्तु की आवश्यकता नहीं है। सनातन धर्म सभा के प्रचार मंत्री सुमन पाल दत्ता ने बताया कि रासलीला का आयोजन 27 अगस्त तक रोजाना शाम 4:30 बजे से 7 बजे तक किया जाएगा। संवाद