शिमला। राजधानी के कारोबारियों ने समर फेस्टिवल के दौरान शहर के कोर एरिया में फूड स्टॉल लगाने के फैसले का विरोध किया है। शिमला व्यापार मंडल के महासचिव नितिन सोहल का कहना है कि जिला प्रशासन ने रिज, मालरोड जैसी अहम जगहों पर फूड स्टॉल लगाने के लिए आवेदन मांगे हैं। यह स्टॉल छह जून तक लगने हैं। कहा कि हर बार बाहरी राज्यों के कारोबारी आकर इन अहम जगहों पर स्टॉल लगाते हैं जिससे स्थानीय कारोबारियों को नुकसान होता है। कहा कि दो साल बाद पर्यटन सीजन पटरी पर लौटा है। ऐसे में शहर के कारोबारियों को घाटे से उबरने की उम्मीद बंधी है। ऐसे में फूड स्टॉल नहीं लगने चाहिए। इस बारे में जल्द ही उपायुक्त और शहरी विकास मंत्री से मिलकर भी बात की जाएगी।