गॉथिक हाल में गुरनाम भुल्लर और ईशा मालविया पर फिल्माए दृश्य
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी की ऐतिहासिक इमारत गेयटी थियेटर के गॉथिक हॉल में वीरवार को पंजाबी फिल्म वे फकीरा की शूटिंग हुई। पंजाबी गायक और अभिनेता गुरनाम भुल्लर और बिग बॉस फेम अभिनेत्री ईशा मालविया पर कई दृश्य फिल्माए। शुक्रवार को भी शिमला में फिल्म की शूटिंग जारी रहेगी। इस दौरान शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार मालरोड और ऐतिहासिक रिज मैदान पर फिल्म के कई दृश्य फिल्माए जाएंगे। इन खूबसूरत लोकेशन के जरिये फिल्म में शिमला की प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा फिल्म में दिविजोत कौर, बलराज सिद्धू, रोहित हांडा और जसबीर गिल भी अभिनय कर रहे हैं। जसविंदर लहरी एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, लाइन प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी कपिल देव शर्मा और गोरिला फिल्म प्रोडक्शन संभाल रहे हैं। गुरनाम भुल्लर और ईशा मालविया को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। अपने पसंदीदा कलाकारों की एक झलक पाने के लिए स्थानीय लोग और पर्यटक उत्साहित नजर आए।