शिमला। राजधानी में स्थित रेलवे स्टेशन को नई सौगात मिली है। स्टेशन में बने अधिकारी विश्राम गृह (रेस्ट हाउस) के नवीनीकरण के बाद शनिवार को अंबाला के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद भाटिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर इसका उद्घाटन किया। नवीनीकरण के तहत विश्राम गृह को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया है जिससे अधिकारियों को बेहतर ठहराव की सुविधा मिलेगी। इसमें सात कमरों की मरम्मत कर उन्हें नए तरीके से तैयार किया गया है जिसमें पानी से लेकर बिजली और बिस्तर की उचित व्यवस्था है। मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने कहा कि इस तरह के विकास कार्यों से रेलवे की कार्यक्षमता में सुधार होता है। डीआरएम ने उद्घाटन के बाद पूरे रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं को जांचा। इसमें नौ कमरे हैं जिनकी मरम्मत कर कर्मचारियों को बेहतर सुविधा दी जाएगी। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल अभियंता अंबाला अनमोल नागपाल, स्टेशन अधीक्षक संजय घेरा, सहायक मंडल अभियंता शिमला नरेश कुमार सहित रेलवे के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। संवाद