विंटर सीजन शुरू होने से पहले दिल्ली से वाया शिमला होकर कुल्लू-मनाली के भुंतर स्थित हवाई अड्डे के लिए दूसरी हवाई सेवा रविवार से शुरू होने जा रही है। दो साल बाद दूसरी हवाई उड़ान आरंभ होने से कुल्लू-मनाली के साथ प्रदेश की राजधानी शिमला को विंटर सीजन में पर्यटन को पंख लगेंगे। इसके लिए भुंतर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सभी तरह की तैयारियों को पूरा कर दिया है। हालांकि कोविड काल से पहले दिल्ली से भुंतर के लिए वाया चंडीगढ़ होकर उड़ान चल रही थी। बहरहाल, अब दूसरी हवाई सेवा के शुरू होने से कुल्लू-मनाली के पर्यटन कारोबारियों में खुशी का माहौल है और उन्हें उम्मीद है कि इस साल विंटर में इसका लाभ सैलानियों को मिलेगा।
वहीं पहली बार दिल्ली से भुंतर के लिए 48 सीटर एटीआर-42 के दो जहाज उड़ते हुए नजर आएंगे। अभी तक दिल्ली से भुंतर के लिए हो रही उड़ान छह दिन में वाया चंडीगढ़ होकर आती व जाती है। जबकि रविवार को यह जहाज दिल्ली से सीधा भुंतर के लिए उड़ान भरता है। मगर अब 11 दिसंबर से दिल्ली से शिमला होकर भुंतर के लिए हफ्ते में चार दिन तक दूसरा जहाज उड़ेगा। भुंतर एयरपोर्ट के निदेशक नीरज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि रविवार सुबह 48 सीटर एटीआर-42 जहाज शिमला से कुल्लू के भुंतर के लिए उड़ा भरेगा। इसको लेकर सभी तरह की तैयारियों को पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस उड़ान से कुल्लू-मनाली के साथ शिमला के पर्यटन को लाभ होगा और विंटर सीजन में सैलानी अब हवाई सेवा से सफर कर सकेंगे।