शिमला। शहर के समग्र और टिकाऊ विकास के लिए नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिमला कलेक्टिव संस्था ने वीरवार को गेयटी में पीपुल्स मेनिफेस्टो (घोषणापत्र) लॉन्च किया। इस अवसर पर हिमांशु सूद ने पीपुल्स मेनिफेस्टो पर आधारित प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि यह दस्तावेज सिमला कलेक्टिव द्वारा किए गए सर्वेक्षण, समूह चर्चाओं और नागरिकों से प्राप्त सुझावों पर आधारित हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान ने की। पैनल चर्चा में डॉ. वनीत जिष्टु, अरजीत सेन, प्रो. अपर्णा नेगी, डॉ. अनुरिता सक्सेना, संजीव गांधी और प्रीति चौहान ने अपने विचार रखे। इस दौरान पूर्व उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने मॉडरेटर और विशेष वक्ता के रूप में चर्चा का संचालन किया। हेल्पएज इंडिया हिमाचल एवं लद्दाख के प्रमुख डॉ. राजेश कुमार ने आयु-संवेदनशील शहरी विकास की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में मेयर सुरेंद्र चौहान ने नागरिक सहभागिता को शहर के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सिमला कलेक्टिव की पहल की सराहना की। इस अवसर पर हिमालयन सेंटर फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट के अध्यक्ष अशोक कुमार, सिमला कलेक्टिव की सीनियर सदस्य रवीन सिंह और सीनियर सदस्य माला सिंह मौजूद रही।