शिमला। एसएफआई की राज्य कमेटी ने राजस्थान के पिपलोद सरकारी स्कूल में छात्र-छात्रों की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया। इसके साथ सरकारी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आपराधिक लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए इसकी कड़े शब्दों में निदा की। राजस्थान के झालावाड़ जिले के पिपलोद सरकारी स्कूल में एक जर्जर भवन के कमरे की छत गिरने से सात विद्यार्थियों की मौत हो गई थी। एसएफआई के राज्य अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने कहा कि अधिक बारिश के कारण जर्जर स्कूल भवन की छत गिर गई। यह हादसा वहां के शिक्षा विभाग और स्कूल प्रशासन की लापरवाही के कारण हुआ है। यह संस्थागत हत्या है। झालावाड़ जिले के कई अन्य सरकारी स्कूलों की भी यही स्थिति है। राज्य कमेटी ने मांग की है कि इस त्रासदी के दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए और उन्हें सजा दी जाए। ब्यूरो