हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में पूर्व सैनिक कोटे से केंद्रीय मुख्य शिक्षक (सीएचटी) पदोन्नत हुए सात अध्यापकों को डिमोट कर मुख्य शिक्षक (एचटी) बना दिया गया है। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ने आदेश जारी कर दिए हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई है। अब आने वाले दिनों में रिकवरी भी हो सकती है। खास है कि पदोन्नत हुए दो सीएचटी सेवानिवृत भी हो चुके हैं। जानकारी के अनुसार चार जनवरी को पूर्व सैनिक कोटे से सात एचटी को सीएचटी पद पर पदोन्न्त किया गया था। करीब सात माह सेवाएं देने के बाद इन्हें बीते शुक्रवार को हाईकोर्ट के आदेश पर डिमोट करते हुए एचटी का पदभार संभालने के लिए आदेश जारी हुए हैं।
सात में से दो शिक्षक सेवानिवृत हो गए हैं। जबकि अन्य की तैनाती कर दी गई है। पूर्व में एचटी को सीएचटी पदोन्नति करने के आदेश का विरोध कुछ प्राथमिक शिक्षकों ने किया और इस पदोन्नति को नियमों के विपरीत बताया था। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक को कानूनी नोटिस भी भेजा था। शिक्षकों ने यह मामला हाईकोर्ट में दायर किया और यहां से शिक्षकों को राहत मिली और पदोन्नति वापस लेने के आदेश जारी हुए। इस पर अब विभाग ने भी डिमोशन के आदेश जारी कर दिए हैं। प्राथमिक शिक्षक संघ जिला ऊना के प्रधान राकेश कुमार व महासचिव सत्येंद्र मिन्हास ने कहा कि यह निर्णय हाईकोर्ट का है और प्राथमिक शिक्षक संघ को यह निर्णय मान्य है। विभाग नियमानुसार कार्रवाई करे।
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक शिमला के आदेशानुसार ही पदोन्नति के आदेश जारी किए गए थे। विभागीय आदेश जारी होने के बाद नए आदेश जारी कर दिए गए हैं।
-देवेंद्र चंदेल, प्रारंभिक उपनिदेशक ऊना।