नाथपा डैम से पानी छोड़ने के बाद सुन्नी में कई जगह घरों को जाने वाले रास्तों में भी भरा पानी
पानी के तेज बहाव से आज शवों के मिलने की संभावना, सर्च अभियान में बढ़ाई जवानों की संख्या
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नाथपा डैम से पानी छोड़ने के बाद सतलुज उफान पर है। इस वजह से सुन्नी में कई जगह घरों को जाने वाले रास्तों पर पानी भर गया है। नदी के तेज बहाव के बाद सोमवार को शिमला-सुन्नी सीमा पर स्थित कोलडैम में शवों के मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं प्रशासन ने लोगों को इस दौरान नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है। रविवार को कोलडैम में दोघरी और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन जारी रहा, लेकिन शाम तक कोई भी शव बरामद होने की सूचना नहीं है। वहीं प्रशासन ने समेज में लापता लोगों के शवों को जल्द ढूंढने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। इसके लिए बटालियन से 25 अतिरिक्त जवानों को बुलाया गया है। अब 80 से अधिक पुलिस जवान दिनभर कोलडैम के अलावा नदी के किनारों और चट्टानाें के आसपास शवों की तलाश कर रहे हैं। अभियान में जिला प्रशासन के अधिकारी, राजस्व विभाग, एनडीआरएफ, होमगार्ड के जवान और स्थानीय युवा भी मदद कर रहे हैं। समेज में हादसे के बाद अभी तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं। इसके अलावा क्षत-विक्षत शवों की शिनाख्त के लिए डीएनए मिलान का कार्य डीएफएसएस जुन्गा में जारी है। इसके अलावा वन निगम की टीमें कोलडैम से बहकर आई लकड़ी को निकालने का कार्य कर रही हैं।