शिमला। जिले में मानसून की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कश्यप ने शनिवार को कार्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने एसडीएम को निर्देश दिए कि शिमला शहर के तहत आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करें। इसके साथ ही आपदा से पूर्व सभी प्रकार के स्टॉक के लिए कार्य करें। अनुपम कश्यप ने कहा कि मानसून से शहर में होने वाले नुकसान से निपटने के लिए सभी विभाग एकजुट होकर तीव्रता से कार्य करेंगे। अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में नालियों में पानी की निकासी सुचारू रखने के लिए कार्य करें। आवश्यक वस्तुओं के भंडारण को लेकर भी विस्तृत तैयारियां करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, आपदा से होने वाले नुकसान की रिपोर्टिंग तुरंत करने की प्राथमिकता को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्योति राणा सहित राजस्व विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। ब्यूरो