खो-खो में धामी, शकराह और घनाहट्टी ने जीत से किया आगाज
खंड स्तरीय प्रतियोगिता में 13 स्कूलों के 300 छात्र दिखा रहे दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घणाहट्टी में खंड स्तरीय अंडर-19 शिमला जोन-2 खेलकूद प्रतियोगिता में शुक्रवार को विभिन्न मुकाबले खेले गए। वॉलीबॉल में धामी और कायना स्कूल ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन आदि के मुकाबले खेले गए। खो-खो में धामी ने बायचड़ी, शकराह ने कोटग्या और घणाहट्टी ने कोहबाग को शिकस्त दी। धामी, शकराह और घणाहट्टी की टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। वॉलीबॉल में धामी ने बायचड़ी और कायना ने खलग को हराकर जीत दर्ज की। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके अलावा बैडमिंटन मुकाबले में घणाहट्टी की टीम ने ग्लोबल पब्लिक स्कूल घनाहट्टी को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। स्कूल के प्रधानाचार्य लोकेश नेगी ने बताया कि प्रतियोगिता में खंड के 13 स्कूलों के लगभग 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों के साथ सांस्कृतिक स्पर्धाएं भी हो रही हैं। रविवार को प्रतियोगिता का समापन होगा। विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।