शिमला। राजधानी के संजौली में सरस्वती पैराडाइज स्कूल में 13 जून को हुए गोलीकांड के बाद वीरवार को पहली बार स्कूल खुला। पुलिस के पहरे के बीच स्कूल में पढ़ाई शुरू हो गई है। हालांकि, पहले दिन बेहद कम बच्चे ही स्कूल पहुंचे। करीब 800 बच्चों की संख्या वाले इस स्कूल में वीरवार को करीब 400 बच्चे ही पहुंचे थे। ज्यादातर बच्चों के अभिभावक जिला प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा की चिंता न रहे, इसके लिए स्कूल परिसर में पुलिस की तैनाती होनी चाहिए। स्कूल प्रधानाचार्य नीरज वर्मा ने बताया कि वीरवार से स्कूल खुल गया है। स्कूल में पढ़ाई शुरू हो गई है। पहले दिन करीब 400 बच्चे स्कूल आए हुए थे। स्कूल में नियमित पढ़ाई शुरू हो गई है। कहा कि स्कूल में छात्रों की सुरक्षा के लिए पीटीए के मांग के बाद पुलिस जवानों को तैनात कर दिया गया है।