शिमला। पंचायत टुटू-मजठाई के भरयाल गांव में आयोजित शहीद भरत राम मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट संकट मोचन एकादश टीम ने जीत लिया। 1962 के भारत-चीन युद्ध में शहीद हुए भरयाल गांव के वीर भरत राम की स्मृति में टूर्नामेंट का आयोजन स्थानीय युवक मंडल ने करवाया। एक महीने से चले इस क्रिकेट टूर्नामेंट में शिमला ग्रामीण क्षेत्र की 32 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में संकट मोचन इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शोघी इलेवन को 9 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। संकट मोचन टीम के विक्की को मैन ऑफ द मैच, दीपक को मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया। समापन समारोह में पंचायत टुटू-मजठाई के प्रधान उत्तम सिंह कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी तथा नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। बताया कि जिस मैदान में यह टूर्नामेंट खेला गया उसे मिनी स्टेडियम में बदलने का प्रस्ताव सरकार के पास विचाराधीन है। यह योजना स्थानीय विधायक एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के माध्यम से आगे बढ़ाई जा रही है। समारोह में पंचायत उपप्रधान केशपा राम, वार्ड सदस्य कमलेश कुमारी, सुनीता कश्यप और अनीता ठाकुर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।