जुन्गा (शिमला)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुन्गा में मंगलवार को पर्यावरण शिक्षा कार्यक्रम के तहत मिलेट फूड प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रधानाचार्य महेश शर्मा की अध्यक्षता और इको क्लब प्रभारी वारिज कौशल की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पारंपरिक मोटे अनाज से तैयार विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। प्रधानाचार्य महेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में सातवीं कक्षा की रुचिका ने प्रथम, काव्या ने द्वितीय और श्रुति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में दसवीं कक्षा की प्रियांशु प्रथम और अंशिका द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि नौवीं कक्षा की भावना गर्ग ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में इको विज्ञान फाउंडेशन, शिमला के सह-संस्थापक आशीष पल्याल,सेवानिवृत्त शिक्षक राजेंद्र कृष्ण, महेश शर्मा ने शिरकत की। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से मोटे अनाज को अपने दैनिक आहार में शामिल करने का आह्वान किया। संवाद