शिमला। रोटरी क्लब की ओर से सरवोदय बाल आश्रम के बच्चों को शनिवार को 15 जैकेट भेंट किए गए। यह पहल आश्रम की अधीक्षिका के अनुरोध पर की गई ताकि बच्चे 13 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग ले सकें। जैकेट प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। इनकी मुस्कान और आभार ने सभी रोटेरियन सदस्यों के दिलों को छू लिया। क्लब अध्यक्ष रोटेरियन पूजा गोयल ने बताया कि रोटरी का उद्देश्य समाज में छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा कर बड़ा बदलाव लाना है और यह पहल उसी भावना का उदाहरण है। क्लब के सदस्यों ने बच्चों को आगामी राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं और समाजसेवा के इसी संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर रोटेरियन अंजू शर्मा, किरण सूद, माला मेयर, सीमा शर्मा और क्लब अध्यक्ष पूजा गोयल उपस्थित रहीं। संवाद