रस्सी के झूले में गर्दन फंसने से दम घुटने के कारण एक बच्ची की मौत हो गई है। यह हादसा शनिवार दोपहर को हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट की नबाही पंचायत में हुआ। जानकारी के मुताबिक ब्रह्मदास की दोनों बेटियां शनिवार दोपहर को स्कूल से घर पहुंचीं। खाना खाने के बाद दोनों अपने कमरे में रस्सी से बनाए अलग-अलग झूलों में झूलने लगीं। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली बड़ी बेटी श्वेता की गर्दन अचानक झूले की रस्सी में फंस गई। यह देख छोटी बेटी ने मां को जानकारी दी।
मां दौड़ते हुए कमरे में पहुंचीं तो श्वेता बेहोश पड़ी थी। श्वेता को नागरिक अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीएसपी सरकाघाट कुलदीप धीमान ने बताया कि मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक बच्ची के पिता ब्रह्मदास मनाली में निजी नौकरी करते हैं और माता गृहणी है। तीन बेटियों में सात साल की श्वेता सबसे बड़ी थी और तीसरी कक्षा में पढ़ती थी। स्थानीय पंचायत प्रधान सुनीता शर्मा और ग्रामीणों ने इस हादसे में शोक प्रकट किया है।