रोबोटिक सर्जरी से पीछे हट रहे हैं मरीज
आईजीएमसी और चमियाना में अलग-अलग दरें निर्धारित
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) और अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशलिटी (एआईएमएसएस) चमियाना में रोबोटिक सर्जरी की आधुनिक सुविधा अब मरीजों की जेब पर भारी पड़ने लगी है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए इसका खर्च उठाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में कई मरीज रोबोटिक सर्जरी के बजाय सामान्य सर्जरी को प्राथमिकता दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि आधुनिक तकनीक से होने वाली इस सर्जरी को आयुष्मान भारत और हिमकेयर योजना में शामिल नहीं किया है। इसके चलते मरीजों को उपचार का पूरा खर्च अपनी जेब से उठाना पड़ रहा है। आईजीएमसी और चमियाना अस्पताल में शुरुआत में रोबोटिक सर्जरी रियायती दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही थी। पहले सामान्य वार्ड के मरीजों से 30 हजार और स्पेशल वार्ड के मरीजों से 50 हजार रुपये शुल्क लिया जाता था। अब आईजीएमसी में सामान्य वार्ड के मरीजों से 60 हजार और स्पेशल वार्ड के मरीजों के लिए 80 हजार रुपये शुल्क लिया जाता है। चमियाना अस्पताल में रोबोटिक सर्जरी करवाने के लिए 90 हजार रुपये देने होंगे। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि रोबोटिक सर्जरी पर वास्तविक खर्च डेढ़ लाख रुपये से अधिक आता है। इसके बावजूद मरीजों को यह सुविधा रियायती दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही है। दूसरी ओर शुरुआत में कम शुल्क होने के कारण मरीजों को आधुनिक तकनीक से ऑपरेशन करवाने का बेहतर विकल्प मिला था, लेकिन अब खर्च बढ़ने से कई मरीज इस सुविधा का लाभ लेने से पीछे हट रहे हैं। रोबोटिक सर्जरी में आधुनिक तकनीक की मदद से अधिक सटीकता के साथ ऑपरेशन किया जाता है। इसमें कई मामलों में छोटे चीरे, कम दर्द और जल्द रिकवरी जैसे फायदे मिल सकते हैं। इसके बावजूद सरकारी अस्पतालों में इस सुविधा का खर्च मरीजों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। वहीं ेआईजीएमसी की कोऑर्डिनेटर डॉ. शिल्पा कौशल ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी को आयुष्मान भारत और हिमकेयर योजना में शामिल नहीं किया है। इसे योजनाओं में शामिल करने का फैसला सरकारी स्तर पर लिया जाता है।