शिमला। शहर के उपनगरों में नगर निगम छोटी संपर्क सड़कों का निर्माण करेगा। पुरानी सड़कों की मरम्मत भी करवाई जा रही है। 21 लाख रुपये से होने वाले पांच कार्याें के लिए नगर निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। रामचंद्र चौक से हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी जाखू में सड़क और नई पानी की लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। संजौली-ढली बाईपास से इंद्र नगर हिलटॉप लंबीधार तक सड़क निर्माण होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पांच से बाबा बालक नाथ मंदिर तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत की जाएगी। इसमें रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी किया जाएगा। आयुर्वेदिक अस्पताल से कसुम्पटी तक एंबुलेंस सड़क और रिटेनिंग वॉल का काम भी होगा। विकासनगर में डॉ. पंकज के घर के पास नाले पर आरसीसी पुल का निर्माण किया जाएगा। सभी कार्य अगले दो महीनों में पूरे होने की उम्मीद है। ब्यूरो