हिमाचल किसान सभा ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
बोले, जमीन में फेंकी जा रही है मिट्टी और पत्थर
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। हिमाचल किसान सभा की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त अनुपम कश्यप से मुलाकात कर कैथलीघाट-ढली बाईपास फोरलेन के बीच रास्ते बनाने की मांग की है। कहा कि रास्ते न होने से लोगों को यहां वहां जाने में परेशान हो रही है। हाईवे के निर्माण के कारण जमीन दो हिस्से में बंट गई है। शोघी, माहोरी और गोरो कनावन के लोग इस कारण परेशान हैं। किसान सभा के राज्य अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह तंवर, कोट के पूर्व प्रधान हीरानंद शांडिल, सुरेश वर्मा और मनोज ने बताया कि कैथलीघाट-ढली बाईपास फोरलेन के निर्माण कार्य से लोगों की जमीनें और घास धूल से भर गई हैं। इसके अलावा निर्माण कार्य के दौरान निकल रही मिट्टी और पत्थर उनकी जमीन में फेंके जा रहे हैं। पेयजल योजना भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे शोघी, आनंदपुर और जलेल के लोगों को पानी नहीं मिल रहा। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि एनएचएआई और कंपनी के अधिकारियों से इस बारे में बात की जाएगी।