शिमला। चमियाणा क्षेत्र की चुरट पुल सड़क की खस्ताहाल से लोग परेशान हैं। इस सड़क का करीब एक किलोमीटर हिस्सा पूरी तरह खराब हो चुका है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं और आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय विधायक सहित गांव के लोग ढली टनल के पास इस सड़क की हालत को लेकर धरना भी दे चुके हैं। इस दौरान लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया था कि सड़क की जल्द रिपेयर कर दी जाएगी। लेकिन 18 दिन के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं की गई। शहर के चमियाणा क्षेत्र के चुरट पूल के पास 6 साल से सड़क की मरम्मत नहीं की गई। सड़क की हालत इस कदर खराब हो चुकी है कि एंबुलेंस चालक भी यहां जाने से कतरा रहे हैं। विधायक के साथ गांव के लोगों ने इस सड़क की मरम्मत को लेकर 26 जून को चक्का जाम किया था। सड़क के मरम्मत कार्य को लेकर लोनिवि ने टेंडर भी किए थे लेकिन अभी मरम्मत कार्य नहीं किया गया। लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीके भारद्वाज ने कहा कि इस सड़क का टेंडर 19 जुलाई को ओपन होना है। टेंडर ओपन होते ही सड़क का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।